रामपुर में बैंक सुरक्षा को लेकर एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। सिविल लाइन क्षेत्र के राधा टॉकीज स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा रात के समय बिना सुरक्षा गार्ड के संचालित होती पाई गई। पैदल गश्त के दौरान मौके पर पहुंचे एसपी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और बैंक प्रबंधन को फटकार लगाई। जानकारी के अनुसार, एसपी देर रात पैदल गश्त पर थे। इसी दौरान उनकी नजर राधा टॉकीज के पास स्थित PNB शाखा पर पड़ी, जहां अंदर बैंक कर्मचारी कार्य कर रहे थे, लेकिन सुरक्षा के लिए कोई गार्ड तैनात नहीं था। बैंक जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की लापरवाही को देखते हुए एसपी ने मौके पर ही शाखा प्रबंधक को तलब किया। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बैंक में सुरक्षा गार्ड का न होना गंभीर चूक है। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी बैंक प्रबंधन की होगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि संबंधित संस्थानों को भी अपने स्तर पर सभी सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। एसपी की सख्ती के बाद शाखा प्रबंधक ने अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिना सुरक्षा गार्ड के रात में बैंक का संचालन तत्काल बंद किया जाएगा। साथ ही जल्द से जल्द सुरक्षा गार्ड की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा बैंक, एटीएम और अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद बैंक कर्मचारियों में भी सतर्कता देखी गई है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।