रामपुर के बाजिदपुर गांव में मंगलवार रात होलिका दहन को लेकर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय के एक युवक पर समय से पहले होलिका में आग लगाने का आरोप लगाया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलकर सड़क पर आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। ग्रामीणों के अनुसार, चंद्र ग्रहण समाप्त होने के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर होलिका दहन की तैयारी की जा रही थी। स्थानीय निवासी विजय ने बताया कि सभी लोग ग्रहण समाप्त होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक द्वारा कथित रूप से होलिका में आग लगा दी गई, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थिति बिगड़ने पर थाना भोट पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गए। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। कुछ ग्रामीण तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर नाराजगी जताते रहे। रात्रि करीब 8:20 बजे अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और शांति बहाल कर दी गई है। साथ ही कहा कि होलिका दहन के लिए नई व्यवस्था कराई जा रही है, जिसे पुलिस की मौजूदगी में संपन्न कराया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।।