श्रीराम मंदिर भवन-निर्माण समिति चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उतर कर आज सीधे अयोध्या पहुंचे। यहां सबसे पहले उन्होंने हनुमानगढ़ी में जाकर माथा टेका। लौटकर क्रासिंग 11 यानि शंकराचार्य प्रवेश द्वार से राम मंदिर परिसर में गए। इसके पहले उन्होंने प्रवेश द्वार का निरीक्षण करने के बाद मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव व संघ के इंजीनियर जगदीश आफले की राय ली। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में अन्य निर्माण कार्य का अवलोकन किया। पुनः सभी निर्माण कार्य को लेकर अंतिम समीक्षा बैठक में सबसे पहले पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देखा।इस दौरान निर्माण एजेंसी यूपीआरएनएन के द्वारा प्रवेश द्वार के उत्तर -दक्षिण दोनों तरफ स्टील की रेलिंग सोमवार को सुबह ही लगवाई और फिर शंकराचार्य के नाम की पट्टिका एल्यूमीनियम के अक्षरों से लिखवाकर द्वार के सबसे ऊपर मध्य में लगवाई। निरीक्षण के दौरान समिति चेयरमैन मिश्र के साथ सीबीआर आई के पूर्व चेयरमैन एके मित्तल, मंदिर निर्माण के आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा, एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे, एल एण्ड टी के परियोजना निदेशक वीके मेहता, टाटा कंसल्टेंसी के परियोजना निदेशक बीके शुक्ल के अलावा जीएमआर समूह, ईआईएल के वैज्ञानिक व अन्य एजेंसियों के जुड़े विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।
धूल-गुबार के बीच रामलला का दर्शन कर रहे स्कूली बच्चे
राम मंदिर निर्माण अपनी पूर्णता की ओर है। इस बीच पत्थरों की घिसाई व सफाई का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। इसके कारण पूरा परिसर धूल-गुबार से ढका दिखाई दे रहा है। वहीं लोअर प्लिंथ पर थ्रीडी म्यूरल्स को लगाने और उनकी सेटिंग भी हो रही है। शिखर से लेकर खंभे और सतह पर चल रहे इन कामों से हैंड मशीन की घर घराहट का शोर भी बहुत अधिक है। इस बीच में श्रद्धालुओं का रेला भी रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहा है और अधिकांश श्रद्धालु नाक पर रुमाल रखकर दर्शन के लिए आ और जा रहे हैं। उधर पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के स्कूलों से बच्चों को अयोध्या टूर पर लाने का सिलसिला भी चल रहा है।
वाहन पार्किंग को लेकर तीर्थ क्षेत्र महासचिव ने दिया संदेश
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपत राय ने सोमवार को पुनः जारी एक वीडियो संदेश में 25 नवम्बर को आमंत्रित सभी अतिथियों के वाहन पार्किंग को लेकर विशेष संदेश जारी किया है। इस संदेश में अपील की गई है कि अयोध्या प्रवेश के छह अलग-अलग रास्ते हैं जिनमें गोरखपुर, गोण्डा, अकबरपुर, प्रयागराज, रायबरेली व लखनऊ शामिल हैं। इन सभी रास्तों से आने वाले अतिथियों के लिए अलग-अलग वाहन पार्किंग की व्यवस्था अलग-अलग क्षेत्रों में की जा रही है। पुलिस प्रशासन इस कार्य में लगा है। पुलिस प्रशासन के साथ संघ व विहिप के कार्यकर्ताओं की टोली समन्वय स्थापित कर व्यवस्था दे रही है। उन्होंने कहा कि वाहन पार्किंग में पुलिस प्रशासन व कार्यकर्ताओं का सहयोग करें।