राम मंदिर के पास बन रहा यात्री निवास:श्रद्धालुओं से लेकर वीआईपी तक को ठहरने का ठिकाना मिलेगा, 21 करोड़ से निर्माण हाे रहा

राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए योगी सरकार और अयोध्या विकास प्राधिकरण शहर में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर रहे हैं। इसी कड़ी में राम मंदिर के ठीक पीछे वशिष्ठ कुंड वार्ड में 21 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक यात्री निवास का निर्माण कराया जा रहा है। अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन के अनुसार परियोजना का करीब 45 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। जुलाई तक इसे पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। यह यात्री निवास 4100 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनेगा। भवन जी+1 मंजिला होगा, जिसमें 48 कमरे और दो डोरमेट्री बनाई जाएंगी। श्रद्धालुओं के लिए रेस्टोरेंट, किचन और लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यात्री निवास में प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एसटीपी और कंट्रोल रूम के लिए बड़े हॉल भी बनाए जा रहे हैं। खासतौर पर रामनवमी, दीपावली, पंचकोसी और चौदह कोसी परिक्रमा जैसे बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए यहां विशेष मेला कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। राम मंदिर के नजदीक होने के कारण यह यात्री निवास श्रद्धालुओं के लिए बेहद सुविधाजनक होगा। दर्शन के बाद उन्हें ठहरने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। परियोजना राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत नजूल भूमि पर विकसित की जा रही है। निर्माण कार्य 26 जून 2025 से शुरू हुआ था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को ‘नव्य अयोध्या’ के रूप में विकसित करने का काम जारी है। सड़क, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और बस टर्मिनल के साथ आवासीय सुविधाओं को भी बेहतर किया जा रहा है। इस आधुनिक यात्री निवास के बन जाने से अयोध्या के पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।