अयोध्या में शनिवार रात एक युवक ने राम मंदिर में बम होने की सूचना दी। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अयोध्या पुलिस अलर्ट हो गई और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। साथ ही राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था भी और कड़ी कर दी गई है। इसी बीच पुलिस ने कॉल करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। इंटेलिजेंस से जुड़े अधिकारी और अयोध्या पुलिस उससे पूछताछ कर रहे हैं। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया- मैं हनुमान भक्त हूं और मुझे सपने में आगे होने वाली घटनाएं दिखाई देती हैं। वहीं, पुलिस स्ट्रीट वेंडरों, पटरी दुकानदारों और ठेले वालों की आधार कार्ड से जांच कर उनकी पहचान कर रही है। विस्तार से पढ़िए पूरा मामला…. गोण्डा का रहने वाला है युवक
राम मंदिर में बम होने की सूचना देने वाला युवक गोण्डा का निवासी है। पुलिस ने बताया- युवक मानसिक रूप से असंतुलित है। शनिवार रात करीब 10 बजे उसने 112 नंबर पर कॉल कर राम मंदिर में बम ब्लास्ट की सूचना दी थी। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने बताया- मैं हनुमान भक्त है और मुझे सपने में आगे क्या होना है, वह पहले ही दिखाई देता है। मुझे आज सपने में पता चला कि एक व्यक्ति अपने बैग में बम लेकर राम मंदिर जा रहा है और विस्फोट करने की योजना बना रहा है। इसी कारण मैंने पुलिस को सूचना दी। हालांकि, अभी तक पुलिस ने युवक के नाम और पता की जानकारी शेयर नहीं की है। 2 लाख श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन
इसी बीच रविवार को अयोध्या में करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने रामलला और हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। हनुमानगढ़ी के साथ-साथ कनक भवन समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। आधार कार्ड से वेंडरों की हो रही पहचान
गणतंत्र दिवस को लेकर रामनगरी अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे अयोध्या जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शहर के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के वाहनों की गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों के सामान की भी बारीकी से तलाशी ली जा रही है। स्ट्रीट वेंडरों, पटरी दुकानदारों और ठेले वालों का सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस वेंडरों के आधार कार्ड की जांच कर उनकी पहचान सुनिश्चित कर रही है। सभी रास्तों पर तैनात है पुलिस
पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि तिवारी की देखरेख में अयोध्या के सभी बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से चेकिंग के दौरान पुलिस का पूरा सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है। सुरक्षा के लिए सभी प्रवेश मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। ————— ये भी पढ़ें- मासूम के सामने मां-बहन ट्रेन से कटीं, चीथड़े उड़े:कौशांबी में 50 मीटर में लोथड़े बिखरे; ट्रैक पार करते समय हादसा कौशांबी में 10 साल के मासूम के सामने उसकी मां और 6 साल की बहन ट्रेन से कट गईं। शवों के टुकड़े-टुकड़े हो गए। 50 मीटर के दायरे में कटे हुए अंग और मांस के लोथड़े बिखरे नजर आए। हादसा रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ। RPF और GRP के जवान पॉलिथीन में भरकर शवों के टुकड़े ले गए। मां-बेटी कानपुर जाने के लिए सिराथू रेलवे स्टेशन पर मेमो ट्रेन पकड़ने पहुंची थीं। पढ़िए पूरी खबर…