रायबरेली पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान:गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

गणतंत्र दिवस से पहले रायबरेली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। 24 जनवरी 2026 को क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार ने थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन और संदिग्ध व्यक्तियों की गहनता से जांच की गई। गश्त के दौरान पुलिस ने आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पूरे जिले में पुलिसकर्मियों और थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, धर्मशालाओं, रेलवे स्टेशन और बस स्टॉप पर सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। इसके साथ ही, कस्बों में फ्लैग मार्च निकालकर सतर्कता बरतने के भी आदेश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व के रूप में पूरे भारत में मनाया जाता है, जिसमें आम जनता हर्षोल्लास के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होती है।
इस दौरान पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। चेकिंग अभियान के तहत संदिग्ध लगने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। होटल और धर्मशालाओं में रुकने वाले लोगों के आईडी कार्ड और होटल के रजिस्टर भी खंगाले जा रहे हैं।