रायबरेली में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक की मौत:आधारशिला कॉलेज के पास बाइक को टक्कर मारी, दूसरा घायल

रायबरेली में बुधवार शाम एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना आधारशिला कॉलेज के पास बुधवार शाम करीब 5:30 बजे हुई। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायलों की पहचान केशरुआ गांव निवासी सुभाष (19) पुत्र सुरेश और कृष्ण कुमार (16) पुत्र छंगालाल के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी जतुआ टप्पा भेजा। वहां डॉ. अश्वनी यादव ने सुभाष को मृत घोषित कर दिया। कृष्ण कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। गुरबक्श गंज थाना अध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।