रायबरेली के गुरु बख्शगंज थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7 बजे केलौली चौराहे के पास एक बोलेरो और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बोलेरो चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बोलेरो लालगंज की ओर से रायबरेली जा रही थी। वहीं, बाइक सवार रायबरेली से लालगंज की तरफ आ रहा था। तभी सामने से आ रही बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान नफीस (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सेमरपहा गांव का निवासी था। हादसे में घायल हुए दो व्यक्तियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो चालक को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह से बनी हुई है।