रायबरेली में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत:बोलेरो-बाइक की टक्कर हुई, एक गंभीर घायल; शादी समारोह में जा रहे थे

रायबरेली में बोलेरो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा फुरसतगंज-रायबरेली मार्ग पर हुआ। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना रात करीब 9:45 बजे हुई। बोलेरो फुरसतगंज से रायबरेली की ओर जा रही थी, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक रायबरेली से फुरसतगंज स्थित अपने रिश्तेदार के यहां बारात में शामिल होने जा रहे थे। बाइक सवार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बोलेरो से टकरा गए। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय सनी पुत्र कल और 18 वर्षीय निहाल पुत्र महेंद्र के रूप में हुई है। दोनों सोनिया नगर, छोटा घोसियाना, नगर कोतवाली के निवासी थे। हादसे में 40 वर्षीय विजय कुमार पुत्र मंसाराम गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज रायबरेली के जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतक युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी अरुण नौवहार ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।