रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के पास स्मैक तस्कर गिरफ्तार:बरेली में बारादरी पुलिस ने1 लाख रुपये की स्मैक बरामद की

बरेली में बारादरी थाना पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 10.14 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक, 5/6 जनवरी 2026 की देर रात बारादरी पुलिस रुहेलखंड यूनिवर्सिटी हॉस्टल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखा। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से पुड़िया में अवैध स्मैक मिली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अभिषेक मौर्य के रूप में हुई है, जो जगतपुर पनवड़िया, थाना बारादरी, जनपद बरेली का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को फुटकर में बेचकर अवैध कमाई करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी केवल आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और पहले मजदूरी करता था। खर्च पूरे न होने के कारण उसने नशे के कारोबार को कमाई का जरिया बना लिया। वह रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य इलाकों में स्मैक व चरस बेचता था। बरामद स्मैक वह फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र से लाता था। पुलिस को सप्लायर से जुड़े व्हाट्सएप नंबर की जानकारी भी मिली है, जिस पर आगे की जांच जारी है। बारादरी थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित कई मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय, उप निरीक्षक मनीष भारद्वाज, कांस्टेबल नवीन कुमार और राजू की पुलिस टीम शामिल थी।