गोरखपुर में रविवार की भोर में तारामंडल क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। जिलाधिकारी दीपक मीना ने एसडीएम स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में जांच टीमें बनाई है। 12 टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक होटल, हास्पिटल, रेस्टोरेंट, बड़े कमर्शियल भवनों में अग्निशमन, विद्युत एवं अन्य सुरक्षा मानकों की जांच में जुट गई हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे जिले में 3 दिनों के भीतर जांच कर रिपोर्ट देनी होगी। रविवार की रात तारामंडल स्थित फाइव सेंसेस होटल, मैरियस इन होटल एवं शांभवी हास्पिटल की जांच की। टीम में एसडीएम के साथ ही सीओ कैंट एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौजूद थे। यहां वाटर हाइड्रेंट, अग्निशमन उपकरण की भी जांच की गई। वाटर हाइड्रेंट को चलाकर देखा गया। शहर में थानावार तो ग्रामीण क्षेत्र में तहसीलवार होगी जांच इन भवनों की जांच शहर क्षेत्र में थानावार तो ग्रामीण क्षेत्रों में तहसीलवार जांच की जाएगी। एक टीम दो थाना क्षेत्रों में जांच करेगी। इसमें एसडीएम स्तर के अधिकारी टीम का नेतृत्व करेंगे। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र में संबंधित तहसील के एसडीएम टीम की अगुवाई करेंगे। जानिए किस थाना क्षेत्र में कौन सी टीम करेगी जांच
रामगढ़ताल एवं एम्स थाना क्षेत्र में जांच के लिए एसडीएम सदर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है। जीडीए के सहायक अभियंता संजीव तिवारी, सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा अमित कुमार व अग्निशमन अधिकारी शांतनु कुमार यादव, चिलुआताल व गोरखनाथ थाना क्षेत्र में अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम टीम का नेतृत्व करेंगे। इस टीम में जीडीए के सहायक अभियंता राजबहादुर सिंह, विद्युत अधिकारी सुनील कुमार गुप्ता, फायरमैन जितेंद्र कुमार, तिवारीपुर व कोतवाली थाना क्षेत्र में अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय, जीडीए के जेई रोहित कुमार पाठक, बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता, फायरमैन राजकुमार यादव, राजघाट व कैंट थाना क्षेत्र में मलखान सिंह, जीडीए के सहायक अभियंता अनिल कुमार, विद्युत सुरक्षा अधिकारी प्रदीप सिंह, फायरमैन प्रभु शर्मा शामिल हैं। शाहपुर व गुलरिहा क्षेत्र में अपर उप जिलाधिकारी सदर, जीडीए के सहायक अभियंता धर्मेश कुमार, बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता, फायरमैन प्रभु शर्मा, सदर क्षेत्र के ग्रामीण में तहसीलदार सदर, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता बिजली निगम के अधिशासी अभियंता व फायरमैन आशीष नंदन जांच करेंगे। इसके साथ ही तहसीलों में वहां के एसडीएम के नेतृत्व में जांच की जाएगी। प्रशासन की टीम के साथ ही जीडीए की ओर से भी जांच कराई जाएगी। इसके लिए अलग से टीम का गठन कर सघन क्षेत्रों में जांच कराने को कहा गया है। जिस रेस्टोरेंट में आग लगी है, उसके मानचित्र को लेकर भी जांच की जा रही है।