लखनऊ के गोमतीनगर के विजय खंड स्थित कालिका हट रेस्टोरेंट में सोमवार देर रात हंगामा हो गया। युवती अपने दोस्तों के साथ शराब के नशे में पहुंची। उसके साथ एक कुत्ता भी था। जिसे अंदर ही पेशाब कराने लगी। जिसका मैनेजर ने विरोध किया तो बवाल करने लगी। विपुलखंड निवासी काशान सिद्दीकी कालिक हट रेस्टोरेंट में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे अंशिका तिवारी रेस्टोरेंट परिसर में अपने कुत्ते को बाथरूम के बाहर टॉयलेट कराने लगी। इस पर महिला स्टाफ नाजिया ने आपत्ति जताई। बस इसी बात पर अंशिका तिवारी उग्र हो गई और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने महिला स्टाफ के बाल नोच लिए और रेस्टोरेंट में जमकर हंगामा किया। स्टाफ ने काफी समझाने की कोशिश की लेकिन अंशिका तिवारी और उसके साथ मौजूद दोनों युवक लगातार चिल्लाते रहे और कर्मचारियों को भद्दी-भद्दी गालियां देते रहे। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। हंगामे के चलते रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहक भी परेशान हो गए और अशांति का माहौल देखकर कई ग्राहक बिना खाना खाए ही बाहर चले गए। होटल मैनेजर ने महिला के व उसके साथियों के खिलाफ गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र तिवारी का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।