लखनऊ आईटीआई रोजगार मेला: 476 युवाओं का चयन:प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के तहत 33 कंपनियों ने दिए अवसर

लखनऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के तहत एक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह मेला ग्रे-सिम लर्निंग्स फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित हुआ। इसमें कुल 33 कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों में योग्य उम्मीदवारों को रोजगार के अवसर प्रदान किए। आईटीआई के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने बताया कि इस रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। मेले में कुल 605 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 476 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया। कंपनियों ने अपनी जरूरतों के अनुसार भर्ती की चयनित अभ्यर्थियों को कंपनियों द्वारा 10,000 रुपये से 27,000 रुपये प्रतिमाह वेतन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। ट्रेनिंग काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर एम. ए. खाँ ने बताया कि कंपनियों ने अपनी जरूरतों के अनुसार योग्य उम्मीदवारों की भर्ती की। अभ्यर्थियों ने कंपनी प्रतिनिधियों के सामने साक्षात्कार और टेस्ट में अपने कौशल दिखाया। इस रोजगार मेले को सफल बनाने में ग्रे-सिम लर्निंग्स फाउंडेशन और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय का विशेष सहयोग रहा।उनके समन्वय और प्रयासों के कारण मेले का आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हुआ और युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्रदान करने में सफलता मिली। यह मेला युवाओं के लिए आर्थिक रूप से सक्षम बनने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।