लखनऊ एयरपोर्ट के पीछे बनी कॉलोनी ध्वस्त:LDA ने ध्वस्त किए 21 रो-हाउस, लगातार 8 घंटे तक चले 5 बुलडोजर

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। LDA ने सोमवार को अमौसी एयरपोर्ट के पीछे बनी अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान निजी बिल्डर की ओर से कॉलोनी में बनाए गए 21 रो-हाउस भवनों को जमींदोज कर दिया गया। LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की। लगभग 8 घंटे 5 बुलडोजर और 1 पोकलैंड मशीन चली। इस दौरान सभी रो-हाउस गिरा दिए गए। बिल्डर को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली थी प्राधिकरण के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि बिजनौर थानाक्षेत्र में अमौसी एयरपोर्ट के पीछे बिल्डर राधेश्याम ओझा व अन्य द्वारा लगभग 5,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध कालोनी विकसित की गई थी। जहां 21 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया गया था। प्राधिकरण से बिना नक्शा पास करवाए किए गए निर्माण के खिलाफ न्यायालय ने ध्वस्तीकरण का आदेश दिया था। संबंधित मामले को लेकर बिल्डर ने उच्च न्यायालय में अपील दाखिल की थी। वहां से भी किसी कोई राहत नहीं मिली। सभी रो-हाउस को ध्वस्त कर दिया गया LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने तत्काल अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उसके बाद प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी विराग करवरिया के नेतृत्व में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई किया। जोनल अधिकारी विराग करवरिया ने बताया कि बिल्डर द्वारा स्थल पर 21 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया गया था। करीब 8 घंटे तक चली कार्रवाई में 5 जेसीबी और 1 पोकलैंड की मदद से सभी अवैध रो-हाउस भवनों को ध्वस्त कर दिया गया।