लखनऊ के महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (MUIT) में 77वें गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति, एकता और सांस्कृतिक गौरव का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वीरता पदक से सम्मानित मेजर अशोक कुमार सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. गिरीश छिमवाल, डीन अकादमिक्स डॉ. नीरज जैन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. विकास शुक्ला और परीक्षा नियंत्रक केके शुक्ला मौजूद रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कविता पाठ, भाषण और पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक गौरव और सामाजिक विविधता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। छात्रों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में मुख्य अतिथि ने स्टूडेंट्स की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की सफलता में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, समिति सदस्यों एवं स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।