लखनऊ की मेनका बनीं अमेरिका में काउंसलर:गीता हाथ में लेकर शपथ ली, लखनऊ विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है

लखनऊ की मेनका सोनी को वाशिंगटन के रेडमंड शहर का सिटी काउंसिल चुना गया है। वह इस पद पर चुनी जाने वाली पहली महिला NRI हैं। मेनका ने श्रीमद्भागवत गीता हाथ में लेकर शपथ ली। इस दौरान उन्होंने भारतीय हैंड-एम्ब्रॉयडरी का पैंट-सूट पहन रखा था। US जज रसेल ने उन्हें शपथ दिलाई। भारतीय मूल की मेनका ने आठ साल से सत्ता में जमे प्रतिद्वंदी को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। शपथ ग्रहण में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग शामिल हुए। मेयर एंजेला बिर्नी, सिटी काउंसिल के सदस्य और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेता उपस्थित रहे। सिटी काउंसलर बनने के बाद सीएटल में भारतीय दूतावास के प्रकाश गुप्ता ने भी सम्मानित किया। मेनका ने भविष्य की योजनाएं बताईं जीत पर मेनका सोनी ने कहा- ये भारतीय समुदाय की जीत है। रेड मंड एक वैश्विक शहर है। मैं इसके विविध और प्रतिभाशाली निवासियों का प्रतिनिधित्व करने के लिए सम्मानित महसूस करती हूं। गीता हाथ में लेकर शपथ लेना मेरे लिए सत्य, कर्तव्य और सेवा के उन मूल्यों की याद दिलाने वाला क्षण था, जिन्हें मैं सार्वजनिक जीवन में हमेशा निभाऊंगी। उन्होंने अपने लक्ष्य के बारे में बताते हुए कहा- सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना, सभी के लिए न्यायसंगत और सुलभ आवास, छोटे व्यवसायों और आर्थिक विकास का समर्थन, शहर की सुरक्षा, स्थिरता और दीर्घकालिक योजनाएं बनाने पर फोकस रहेगा। साथ ही हर आवाज को सुना और सम्मानित किया जाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। आगरा में जन्म, 30 साल का अनुभव आगरा में जन्मीं मेनका सोनी की पढ़ाई-लिखाई लखनऊ में हुई। लखनऊ विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया। करीब 2 दशक तक लखनऊ में रहीं। इसके बाद करियर के लिए बाहर कदम बढ़ाया। वह 30 से अधिक वर्षों से वैश्विक कॉर्पोरेट क्षेत्र में हैं। उनके पास माइक्रोसाफ्ट, स्टार बक्स, जनरल मोटर्स और टी मोबाइल जैसी कंपनियों में काम करने का अनुभव है। प्रेसिडेंट लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित मेनका ने वॉशिंगटन राज्य में महिला सशक्तिकरण, घरेलू हिंसा, युवाओं के विकास, मानसिक स्वास्थ्य, सामुदायिक सुरक्षा, बेघर लोगों की मदद समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवा से लोगों के दिलों में छाप छोड़ी। वह इम्पावरिंग नामक गैर-लाभकारी संस्था की संस्थापक और अध्यक्ष हैं। इस संस्था ने पांच लाख से अधिक लोगों की मदद की है। इसके लिए उन्हें US कांग्रेस द्वारा Top-20 Influential Women Award और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने प्रेसिडेंट लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2024 से सम्मानित किया था। …………………………… यह खबर भी पढ़ें रोहिंग्या-बांग्लादेशियों को ढूंढने निकलीं लखनऊ मेयर: सपा पार्षद के प्लॉट पर मिलीं 80 झोपड़ियां; खर्कवाल बोलीं- इनमें घुसपैठिए रहते हैं सीएम योगी के निर्देश के बाद लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल खुद ही बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं को ढूंढने निकलीं। वह गुरुवार को गुडंबा थाना क्षेत्र के फूलबाग बहादुरपुर में नगर निगम की टीम लेकर पहुंच गईं। वहां सपा पार्षद के प्लॉट पर 80 झोपड़ियां मिलीं। यहां पढ़ें पूरी खबर