लखनऊ के श्री श्याम मंदिर में जन्मोत्सव:श्याम बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया, हजारों भक्त उमड़े

लखनऊ के बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री श्याम मंदिर में श्याम बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों भक्तों ने मोरपंख, गुलाब की कलियां और मिश्रित मेवा का भोग लेकर ‘हैप्पी बर्थडे श्याम बाबा’ जैसे भजनों के साथ उत्सव में भाग लिया। सुबह की आरती पंडित सुहेल देव मिश्र ने संपन्न कराई, जिसके बाद मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास से भर उठा। श्री श्याम परिवार के महामंत्री रूपेश अग्रवाल ने बताया कि जन्मोत्सव के लिए मध्यरात्रि से ही भक्तों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। सुबह से लेकर देर रात तक दर्शन का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान एक हजार से अधिक भक्तों ने बाबा को केक का भोग अर्पित किया। मंदिर प्रशासन ने दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन मिल सकें, इसके लिए दो प्रवेश द्वार और दो निकास द्वार बनाए गए थे। 2 नवंबर को भजन प्रस्तुति कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने जानकारी दी कि जन्मोत्सव के दूसरे दिन, 2 नवंबर को रात 7 बजे से सुप्रसिद्ध भजन गायिका ब्रजवासी पूर्णिमा पूजन दीदी द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस अवसर पर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, सुधीश गर्ग, अनुराग साहू, अनिल गुप्ता, वीरेंद्र अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, पुनीत माहेश्वरी, विकास अग्रवाल, रत्नेश अग्रवाल, लोकेश और प्रदीप बंसल सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।