लखनऊ चिड़ियाघर से हिरण चुराते एक गिरफ्तार:रस्सी के सहारे बाड़े में घुसे; फंदे से पकड़ने की कोशिश, 3 आरोपी फरार

लखनऊ चिड़ियाघर (नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान) के डियर सफारी से हिरण चोरी करते एक युवक गिरफ्तार किया गया। पेड़ की डाल और रस्सी की मदद से डियर सफारी बाड़े में चार युवक उतरे। हिरण के बच्चों को फंदे के सहारे पकड़ने का प्रयास करने लगे। तभी कीपर की नजर उन पर पड़ गई। युवक रस्सी के सहारे भाग निकले। लेकिन उनको रास्ता बताने वाला पकड़ा गया। इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह ने बताया- 5 नवंबर की शाम करीब चार बजे डियर सफारी के कीपर मोहन राम ने देखा कि चार अज्ञात युवक गूलर के पेड़ की डाल और रस्सी की मदद से बाड़े के अंदर उतर गए हैं। हिरणों के बच्चों को दौड़ाकर रस्सी के फंदे से पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान बाउंड्री वाल के बाहर से राजेश मिश्रा युवकों को निर्देश दे रहा है। कीपर के शोर मचाने पर भागे आरोपी मोहन राम ने जब शिकारियों को देखकर शोर मचाया और पकड़ने का प्रयास किया तो सभी आरोपी रस्सी और डाल के सहारे दीवार फांदकर फरार हो गए। सूचना पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जिसके बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत राजेश मिश्रा और उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करके राजेश मिश्रा के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।