स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम लखनऊ ने शुक्रवार को जोन-1 के अमीनाबाद थाना क्षेत्र में अवैध डेरियों पर बड़ी कार्रवाई की। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा की अगुवाई में कार्रवाई के दौरान कुल 8 भैंस, 7 गाय और 1 बछिया को जब्त किया गया।पशुओं को ठाकुरगंज स्थित कांजी हाउस में निरुद्ध किया गया है। निगम ने बताया कि इन्हें केवल निर्धारित जुर्माना जमा करने के बाद ही छोड़ा जाएगा। IGRS पर हुई थी शिकायत यह कार्रवाई IGRS पोर्टल और स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के आधार पर की गई थी। लोगों की शिकायत थी कि डेरी संचालक नालियों में गोबर बहा रहे हैं, जिससे गंदगी, जलभराव और मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।नगर निगम ने स्पष्ट किया कि नगर निगम अधिनियम 1959 के तहत शहरी सीमा में भैंस पालन पूरी तरह प्रतिबंधित है। दो गाय ही पाल सकते हैं केवल दो तक गायों को ही लाइसेंस प्राप्त कर पालने की अनुमति है।अभियान में पुलिस बल, प्रवर्तन दल और पशु कल्याण विभाग की टीमों ने भाग लिया। भविष्य में भी निगम ने चेतावनी दी है कि शहर के बीचों बीच अवैध डेरियों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा और गोबर निस्तारण की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि लखनऊ को स्वच्छ और रोगमुक्त बनाया जा सके।