लखनऊ में एटीएम बदलकर ठगी करने वाला गिरफ्तार:गिरोह का दूसरा आरोपी फरार, ठगी से मिले रुपए से खरीदे महंगे कपड़े

लखनऊ की बीकेटी पुलिस ने एटीएम बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि बैंकों और एटीएम बूथों पर जाकर लोगों के कार्ड बदलकर उनके खातों से हजारों रुपए उड़ा चुका है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर बीकेटी संजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान मुख्बिर से सूचना मिली कि थाना बीकेटी में एटीएम बदलकर खाता खाली करने वाले आरोपी कार से किसान पथ की तरफ आ रहे हैं। चेकिंग के दौरान पकड़ में आए सूचना पर पुलिस टीम ने किसान पथ अस्ती क्रॉसिंग के पास बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की। थोड़ी देर बाद एक सफेद वैगनआर आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने भागने की कोशिश की लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। जबकि उसका साथी मौका पाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेन्द्र कुमार सरोज (25 वर्ष) पुत्र शिवलाल सरोज निवासी उगईपुर बांसी देवासरानीगंज प्रतापगढ़ के रूप में हुई। फरार साथी की पहचान विजय कुमार सरोज उर्फ राहुल कुमार सरोज निवासी कसेरूआ रानीगंज जनपद प्रतापगढ़ के रूप में की गई है। ठगी से मिले रुपए से खरीदे कपड़े पूछताछ में सुरेन्द्र ने कबूल किया कि 3 नवंबर को कस्बा बीकेटी स्थित एक्सिस बैंक एटीएम से एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर उसके खाते से 42,000 नगद निकाले। साथ ही पेट्रोल पंप से 19,000 का पेट्रोल और हैदरगढ़ बाराबंकी के “एन बाजार” नामक दुकान से 40,000 के कपड़े खरीदे। पुलिस का कहना है कि आरोपी आर्थिक लाभ के लिए लोगों के एटीएम बदलकर खातों से रकम निकालते थे। फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है।