लखनऊ में टेलर के घर चोरी, परिवार सोता रहा:चोर कैश-जेवर लेकर फरार, CCTV में नंगे पैर भागता दिखा

लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके के लोनियन टोला में एक टेलर के घर में रात के वक्त चोरी हो गई। घटना के समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सोते रहे और चोर आराम से कैश, जेवर और मोबाइल लेकर फरार हो गया। पीड़ित संत कुमार सोनी पेशे से टेलर हैं। परिवार के साथ दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहते हैं। बेटी काजल ने बताया कि बुधवार रात खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए थे। गुरुवार सुबह जब आंख खुली तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। जांच करने पर पता चला कि चोर पर्स से 25 हजार रुपए नकद, सोने की चेन, बहू सोनाली के सोने के झुमके और मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। बालकनी से घुसा, नंगे पैर फरार हुआ चोर परिवार ने बताया कि पहली मंजिल के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे। आशंका है कि चोर बालकनी के रास्ते घर में दाखिल हुआ और चोरी कर निकल गया। पुलिस को सूचना देने के बाद जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार ने खुद आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले। इसमें रात करीब 3:15 बजे कैप और नकाब लगाए एक युवक भागते हुए दिखाई दिया। फुटेज में चोर नंगे पैर नजर आ रहा है, जिससे आशंका है कि आहट से बचने के लिए उसने चप्पल उतार दी थी। पुलिस पर टरकाने का आरोप पीड़ित परिवार ने ठाकुरगंज पुलिस पर मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शुरुआती शिकायत के बाद उन्हें टाल दिया गया, जिसके बाद उन्होंने खुद सबूत जुटाए। इस मामले में इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।