लखनऊ के महानगर थानाक्षेत्र में देर रात डिलीवरी ब्वॉय को दबंगों ने पीट दिया। डिलीवरी ब्वॉय पार्सल देने बाइक से जा रहा था। इस दौरान उसकी बाइक की टक्कर से एक बाइक से हो गई। इस बात से नाराज लड़के ने 12 से 15 लोगों को बुला लिया और जानलेवा हमला कर दिया। गुलरा सराय भागमानी गौरीगंज अमेठी निवासी अंकित यादव पुत्र नंद कुमार यादव फैजुल्लाहगंज स्थित श्याम विहार कॉलोनी में किराए पर रहता है। अंकित सिटी लॉ कॉलेज में विधि का छात्र है। पढ़ाई के साथ वह डिलीवरी ब्वॉय का काम भी करता है। बिना कुछ कहे मौके से चला गया अंकित ने बताया कि 20 नवंबर रात करीब 1 बजे वह फ्यूज एंड फिटनेस जिम के सामने डिलीवरी करने जा रहा था। उसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह गिर पड़ा और उसके हाथ में चोट आई। टक्कर मारने वाला युवक बिना कुछ कहे मौके से चला गया। कुछ देर बाद हमला करने लौटे हमलावर अंकित ने बताया कि उसने अपने साथी डिलीवरी ब्वॉय शिवम पाल को फोन कर मदद के लिए बुलाया। इस दौरान पहले टक्कर मारने वाला युवक 12-15 अन्य लोगों के साथ वहां लौट आया। घायल युवक बेहोश होकर सड़क पर गिरा हमलावरों ने बिना कुछ कहे लोहे की रॉड और नुकीले हथियारों से हमला शुरू कर दिया। अंकित पर लोहे की रॉड और नुकीले हथियारों से वार किए गए। हमले में उसका सिर फट गया, हाथ, कमर और दांत टूट गए। गंभीर हालत में घायल युवक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घायल अंकित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्रा का कहना है मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।