लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में महिला दिवस पर पिंक रोजगार महाकुंभ लगेगा। इसमें लड़कियों को दुबई में नौकरी का मौका मिलेगा। आईटीआई, डिप्लोमा, मेडिकल और अन्य शैक्षिक योग्यता वाली युवतियों को विदेश में नौकरी मिलेगी। यहां विदेश की तीन प्रमुख कंपनियों में करीब 171 पदों पर युवतियों का 1.15 लाख महीने तक के वेतन पर चयन किया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी सूर्यकांत कुमार का कहना है कि पिंक रोजगार महाकुंभ का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। शुभारंभ के बाद कुछ प्रमुख कंपनियों के लिए चयनित युवतियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र वितरण भी करेंगे। इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी, प्रमुख सचिव डॉ. एमके शन्मुगा व निदेशक नेहा प्रकाश शामिल होंगी। दुबई में मिलेगी नौकरी विदेश की तीन प्रमुख कंपनियों में शामिल आईटी आईटीईएस सोशल मीडिया के तहत बीआरटी टेक्नीशियन में कंप्यूटर ऑपरेटर, रिटेल के तहत डे टू डे केयर और साइमन कॉन्ट्रैक्ट कंपनी में एकाउंटेंट के पद के साथ ही कुल 172 खाली पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए युवतियों के पास इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक तक की योग्यता जरूरी है। सभी चयनित युवतियों को दुबई में नौकरी मिलेगी। 5000 युवतियों को नौकरी देने का लक्ष्य जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि पिंक रोजगार महाकुंभ में 50 से अधिक कंपनियां शामिल होंगी। इनमें खाली 1000 सीटों पर करीब 5000 युवतियों को मौके पर नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रमुख रूप से ऑटोमोटिव, ई-कॉमर्स, इलेक्ट्रॉनिक, फूड, हेल्थ केयर, आयरन स्टील, रिटेल, टेलीकॉम, टेक्स्टाइल, बीएफएसआई सहित अन्य क्षेत्र में युवतियों को नौकरी मिलेगी। सेवायोजन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी के प्रत्येक राजकीय आईटीआई, पॉलीटेक्निक, कॉलेज, विश्वविद्यालय व अन्य शिक्षण से 100-100 युवतियों को नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए संबंधित प्रधानाचार्य व प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भी लिखा गया है। अधिक से अधिक युवतियों की भागीदारी बढ़े इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जा रहा है। रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि रोजगार महाकुंभ में शामिल होने वाली प्रत्येक युवतियों का संगम पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी है। जिन युवतियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं करा सकी हैं। वह rojgaarsangam.gov.in पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर सकती हैं। रोजगार महाकुंभ में साक्षात्कार देने के दौरान जरूरी दस्तावेज का होना जरूरी है। ऐसे में सभी युवतियों से अपील है कि अपने साथ- जरूरी दस्तावेज और उसकी फोटो कॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड साथ लाएं।