लखनऊ में महिला से मारपीट:पति के बुलाने पर मिलने गई, गाल काटने-जान से मारने की धमकी का आरोप

लखनऊ के अलीनगर इलाके में एक महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। न्यू इन्द्रलोक कॉलोनी निवासी महिला ने अपने पति के परिचितों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पति ने मोबाइल देने के बहाने महिला को बुलाया। इसके बाद उसके साथ घटना हुई। पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। न्यू इन्द्रलोक कॉलोनी, केसरीखेड़ा, कानपुर रोड निवासी अंजली गुप्ता ने बताया- गुरुवार को उनके पति मनोज कुमार गुप्ता ने फोन देने के बहाने उन्हें अलीनगर स्थित सुनहरा बगीचा बुलाया था। जब वह वहां पहुंचीं तो पति मौके पर मौजूद नहीं थे। इस दौरान उनकी मुलाकात काजल गौतम से हुई। जिसने बिना किसी कारण उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। 2 महिलाओं ने मिलकर पीटा पीड़िता का आरोप है कि वह विवाद से बचते हुए घर की ओर लौट रही थीं। तभी रास्ते में काजल की मां सुनीता ने उन्हें रोक लिया। इसी दौरान काजल ने पीछे से डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गिर पड़ीं। इसके बाद काजल, उसकी मां सुनीता और सुनीता की बहन की बेटी ने मिलकर लात-घूंसों से उनकी पिटाई की। जान से मारने की धमकी दी अंजली का कहना है कि काजल उनके सीने पर बैठ गई और मारपीट की। साथ ही गाल पर काट लिया। आरोप है कि तीनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने मामले में काजल गौतम, सुनीता और सुनीता की बहन की बेटी के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।