लखनऊ में युवक ने खुद को गोली मारी:अवैध रिवाल्वर सीने से सटाकर फायर किया, सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपए ठगे थे

सरकारी नौकरी का झांसा देकर लोगों से लाखों ठगने वाले युवक ने लखनऊ में खुद को गोली मारकर जान दे दी। उसका खून से लथपथ शव किराए के कमरे में मिला। घटना के समय रूम पार्टनर कमरे पर नहीं था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे हुई। मृतक की पहचान विकास नगर सेक्टर एल के रहने वाले प्रद्युमन पाठक के रूप में हुई है। प्रद्युमन मूलत: जौनपुर का रहने वाला था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक ने सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपए लिए थे। काम नहीं होने पर लोग रुपए वापस मांग रहे थे, जिससे परेशान होकर उसने अवैध रिवाल्वर से गोली मार ली। 2 तस्वीरें देखिए… सीने में मारी गोली, पास में पड़ा मिला रिवाल्वर पुलिस ने बताया कि शाम को डायल 112 पर सूचना मिली कि सेक्टर एल, विकासनगर में एक व्यक्ति ने कमरा बंद कर रखा है, खोल ही नहीं रहा। सूचना पर तत्काल थाना विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची तो मौके पर कमरे का दरवाज़ा बंद था। दरवाजे को पुलिस बल की सहायता से खोला गया, अंदर देखा तो एक व्यक्ति बेसुध हालत में पड़ा था। उसके सीने से खून निकल रहा था। पास ही अवैध रिवाल्वर पड़ा था। उसे तत्काल इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रूममेट बोला- आवाज लगाई, लेकिन रूम नहीं खोला रूममेट दिव्यांशु ने बताया- 2 महीने से प्रद्युमन के साथ रह रहा था। गोमती नगर के पत्रकार पुरम कुछ काम से गया था। वापस लौटकर आया तो कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाया। कॉल भी किया, लेकिन अंदर से कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़ कर अंदर गई तो प्रद्युमन की लाश पड़ी मिली। नौकरी लगवाने के नाम पर लिए लाखों रुपए पुलिस पूछताछ में दिव्यांशु ने बताया कि प्रद्युमन पहले मुंबई में रहता था। वह खुद की शासन-प्रशासन में पकड़ बताकर सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर कई लोगों से रुपए ले चुका था। दिव्यांशु ने भी पुलिस विभाग में नौकरी लगने की उम्मीद में उसे करीब डेढ़ लाख रुपए दिए थे। दिव्यांशु का कहना है कि सुबह से शाम तक प्रद्युमन के पास लगातार फोन आते रहते थे। जिनमें लोग दिए गए रुपए वापस मांगते थे। इसी बात को लेकर वह काफी दिनों से मानसिक तनाव में था। पुलिस के मुताबिक मृतक शादीशुदा था और उसकी पत्नी और एक बच्चा है। परिजनों के बाद होगी आगे की कार्रवाई फोरेंसिक टीम को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह ने बताया कि घटनास्थल से रिवाल्वर, मोबाइल फोन समेत अन्य जरूरी साक्ष्य कब्जे में ले लिए गए हैं। परिजनों के आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। …………………………… यह खबर भी पढ़ें लखनऊ के रोबोट रेस्टोरेंट के नूडल्स में निकला कॉकरोच:बर्थ-डे पार्टी चल रही थी, परिवार ने किया हंगामा; मैनेजर बोला- मामले को दबा दो लखनऊ के एक रेस्टोरेंट में नूडल्स में कॉकरोच निकलने से हड़कंप मच गया। रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी चल रही थी। बच्चों के लिए नूडल्स का ऑर्डर दिया गया। प्लेट में नूडल्स निकालते हुए उसमें कॉकरोच निकला। परिवार ने इसकी मैनेजर से शिकायत की। यहां पढ़ें पूरी खबर