लखनऊ में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन:UGC वापस लेने की मांग अविमुक्तेश्वरानंद का किया समर्थन, अंकित बोले- छात्रों संतों सबको लड़वा रही है

लखनऊ में यूथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन। हजरतगंज स्थित भाजपा कार्यालय पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अंकित तिवारी ने प्रदर्शन करते हुए सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने यूजीसी का जमकर विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग किया। साथ ही स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ प्रयागराज मेला प्रशासन के रवैये का जमकर विरोध किया। अंकित ने कहा कि संविधान समान अधिकार, सम्मान और अवसर की गारंटी देता है । लेकिन केन्द्र सरकार के यूजीसी अमेंडमेंट ने युवाओं और छात्रों को आक्रोशित कर दिया है। इसके साथ ही प्रयागराज में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और संत समाज के अपमान की घटना ने भाजपा की नीयत उजागर कर दी है। यूजीसी के खिलाफ हम लोग सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे। एक भी छात्र के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्र विरोधी कानून का मुखर होकर हम लोग विरोध करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मौजूदा सरकार सिर्फ लड़ाने का काम कर रही है। प्रयागराज मेले में इतना बड़ा विवाद खड़ा कर दिया । स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ आज दूसरे साधु संत बयान बाजी कर रहे हैं। जो कभी नहीं हुआ वह इस सरकार में हो रहा है एक संत दूसरे संत पर टिप्पणियां कर रहा है। इसके अलावा विश्वविद्यालय में छात्रों को आमने-सामने कर दिया। यह यूजीसी कानून सिर्फ छात्रों को लड़ाने का एक जरिया है। हम कोई भी ऐसा कानून नहीं बर्दाश्त नहीं करेंगे जिससे समाज में फूट पड़े। यूजीसी के काले अधिनियमों के विरोध में हम संविधान की मर्यादा में रहकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखेंगे। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा।