लखनऊ में महानगर थाना क्षेत्र के न्यू हैदराबाद इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शिवधाम बस्ती न्यू हैदराबाद निवासी किरन वर्मा पत्नी अशोक वर्मा ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली कि उनके बेटे तनिष्क वर्मा उर्फ तनु पर प्रिंस और उसके साथियों ने चाकू से हमला कर दिया है। हमले के बाद आरोपी घायल अवस्था में तनिष्क को छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन आनन-फानन में बलरामपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले में महानगर थाने में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा ने बताया कि जोशी टोला, हसनगंज निवासी प्रिंस वाल्मीकि (18) पुत्र राजकुमार वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल शिवधाम बस्ती, वीरबल साहनी मार्ग, न्यू हैदराबाद में रह रहा था। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या के इरादे से चाकू से हमला किया था। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य अज्ञात साथियों की तलाश की जा रही है।