लखनऊ में लिटिल चैम्प्स प्रीस्कूल एंड डेकेयर का 15वां वार्षिकोत्सव ‘उत्साह-2026’ मनाया गया। यह कार्यक्रम सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के प्रेक्षागृह में धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्वच्छता का प्रेरक संदेश दिया, जिसने सभी उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसमें आरवी, मेनका, मिशिका, अयांश, सान्वी, आज़ाद, प्रियांश, विवान और अन्विका ने मनोहारी प्रस्तुति दी। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग नृत्य, राइम्स पाठ और स्वच्छता अभियान पर आधारित एक प्रेरक नाटक प्रस्तुत किया, जिससे दर्शक भावविभोर हो गए। स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया नन्हे कलाकारों ने स्वच्छता के महत्व के बारे में बताते हुए एक साफ-सुथरे और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।इस वार्षिकोत्सव में अभिभावकों के लिए मनोरंजक खेल और प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किए गए, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक इन गतिविधियों में भाग लेकर बच्चों का मनोबल बढ़ाया। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं मुख्य अतिथि अजय कुमार ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। विशिष्ट अतिथियों में आरती श्रीवास्तव, डॉ. एस.के गोपाल, डॉ. सुधा द्विवेदी, अर्चना गुप्ता और आभा शुक्ला शामिल थीं । विद्यालय के निदेशक जीतेश श्रीवास्तव और प्राचार्या ऋचा माथुर के कुशल मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा, संस्कार और सामाजिक संदेश का एक सुंदर संगम साबित हुआ।