लखनऊ में होली के स्वागत में साहित्य और रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। अखिल भारतीय काव्यधारा रामपुर की इकाई लखनऊ के सहयोग से यू0पी0 प्रेस क्लब में विमोचन , कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के करीब 50 साहित्यकारों ने शिरकत की और माहौल पूरी तरह काव्यमय हो उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृपा शंकर श्रीवास्तव ने की। मुख्य अतिथि महेश प्रकाश अष्ठाना और विशिष्ट अतिथि भूपेन्द्र सिंह होश की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। शुरुआत माँ वीणापाणि की वंदना से हुई, जिसके बाद सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी। दो काव्य संग्रहों का विमोचन किया महासचिव डॉ. रश्मि लहर श्रीवास्तव के सधे संचालन में मंचासीन साहित्यकारों ने एक त्रैमासिक पत्रिका और दो काव्य संग्रहों का विमोचन किया। जैसे ही कवि सम्मेलन शुरू हुआ, होली पर आधारित रसमयी और हास्य कविताओं ने श्रोताओं को हंसी से लोटपोट कर दिया। रंग, उमंग और व्यंग्य के संग शब्दों की फुहार देर तक चलती रही। ये लोग शामिल हुए समारोह में शामिल सभी कवियों को सम्मान पत्र, अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र कमल आनन्द, प्रेम शंकर शास्त्री बेताब, संजय सागर, नमिता सचान सुन्दर, डॉ. अशोक गुलशन, सुष्मिता सिंह काव्यमय, उपेन्द्र बाजपेयी, डॉ. अमरनाथ अग्रवाल समेत कई साहित्यकार मौजूद रहे।