लखनऊ में BJP विधायक ने महिगवां थाना घेरा:फर्जी चालान-भ्रष्टाचार पर भड़के, बोले- पुलिस को मनमानी नहीं करने देंगे

लखनऊ में BKT विधायक योगेश शुक्ला गुरुवार को एक्शन में दिखे। अवैध वसूली और भ्रष्टाचार की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद समर्थकों संग महिगवां थाने का घेराव किया। इस दौरान थाने के SI धीरेंद्र राय और सिपाही पप्पू पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए खरी-खरी सुनाई। विधायक की शिकायत पर DCP कृष्णा चौधरी ने एसआई और सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया। विधायक ने कहा- महिगवां थाना पुलिस फर्जी चालान, पीड़ितों को डराने धमकाने का काम कर रही है। विधायक के साथ उनके सैकड़ों समर्थकों ने थाना परिसर में पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। विधायक बोले- पुलिस कर रही मनमानी बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि महिगवां पुलिस टारगेट पूरा करने के लिए फर्जी चालान कर रही है। आम नागरिक अपनी शिकायत लेकर थाने जाता है तो पुलिस उल्टा उसे ही धमकाती है। विधायक ने एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा- एक युवक अपने मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराने गया था, लेकिन दरोगा ने उससे 2000 रुपए की मांग कर दी। जब मैंने फोन कर पूछा तो दरोगा ने उल्टा शिकायतकर्ता को ही धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस की इसी कार्यशैली से परेशान होकर खुद थाने पर पहुंचकर विरोध करना पड़ा। अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत विधायक के समर्थन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग थाने पहुंचे। थाने के बाहर पुलिस के खिलाफ जमकर नारे लगे। माहौल तनावपूर्ण हो गया। अधिकारियों ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक से बात की। जांच का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे की वार्ता के बाद स्थिति सामान्य हुई। विधायक अपने समर्थकों के साथ वापस लौट गए। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने विभागीय जांच शुरू की है। खबर अपडेट की जा रही है…