लखनऊ में RSS के 100 वर्ष पर संगीत गोष्ठी:महानगर शाखा ने भारतीय संगीत परंपरा को समर्पित कार्यक्रम किया

लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘संगीत साधकों की गोष्ठी’ नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संघ की महानगर शाखा ने यह आयोजन गोमती नगर स्थित भागीरथी भवन प्रेक्षागृह में किया। यह कार्यक्रम भारतीय संगीत परंपरा को समर्पित था। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और ओंकार ध्वनि से हुई। इसके बाद शास्त्रीय संगीत, लोक संगीत, भजन-कीर्तन, ऑर्केस्ट्रा, बैंड और संघ घोष की विविध प्रस्तुतियाँ दी गईं। आशुतोष की टीम ने ‘भजो राम सीते’ और ‘सरकार तुम्हारे महफिल में तकदीर बनाई जाती है’ जैसे भजन प्रस्तुत किए। श्रीराम अकादमी के छात्रों ने भी बैंड प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक यात्रा को संगीत के जरिये प्रस्तुत किया इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख जगदीश प्रसाद उपस्थित रहे। संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी, प्रख्यात ध्रुपद गायक पंडित विनीत कुमार द्विवेदी, पद्मश्री विद्या बिन्दु सिंह, नव युग कन्या महाविद्यालय की प्रोफेसर मंजिला उपाध्याय और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण सहित सैकड़ों संघ कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य भारतीय संगीत के माध्यम से राष्ट्रभाव, सांस्कृतिक चेतना और संगठनात्मक अनुशासन को जनमानस तक पहुँचाना था। इसे संघ की 100 वर्षों की सांस्कृतिक यात्रा को संगीत के जरिए प्रस्तुत करने का एक विशेष प्रयास माना गया।