लखनऊ में STP का होगा थर्ड पार्टी ऑडिट:मंडलायुक्त ने शालीमार वन वर्ल्ड और ओमैक्स टाउनशिप का किया निरीक्षण, SOP बनाने के निर्देश

लखनऊ में निजी विकासकर्ताओं द्वारा बनाई गई टाउनशिप में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का अब थर्ड पार्टी ऑडिट कराया जाएगा। इससे आवासीय योजनाओं में क्षमता के अनुरूप STP के निर्माण और उसके प्रभावी संचालन को सुनिश्चित किया जा सकेगा। बुधवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने गोमती नगर विस्तार स्थित शालीमार वन वर्ल्ड और ओमैक्स ग्रुप की टाउनशिप का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, मुख्य नगर नियोजक के.के. गौतम सहित अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। शालीमार वन वर्ल्ड में STP मानकों पर खरा मंडलायुक्त ने सबसे पहले शालीमार वन वर्ल्ड टाउनशिप का निरीक्षण किया। यहां STP को संचालित पाया गया। STP में आने वाले सीवेज जल और शोधित जल की रिपोर्ट की जांच की गई, जो मानकों के अनुरूप पाई गई। समीक्षा में सामने आया कि शोधित पानी का उपयोग सोसाइटी के पार्क और ग्रीन बेल्ट की सिंचाई में किया जा रहा है। ओमैक्स टाउनशिप में टॉयलेट ब्लॉक में हो रहा उपयोग इसके बाद मंडलायुक्त ने ओमैक्स ग्रुप की टाउनशिप का निरीक्षण किया। यहां STP से निकलने वाले शोधित जल का उपयोग टॉयलेट ब्लॉक में किया जा रहा है। सभी निजी टाउनशिप के STP का होगा ऑडिट निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि शहर में निजी डेवलपर्स द्वारा विकसित सभी टाउनशिप के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का थर्ड पार्टी ऑडिट कराया जाए। इससे डीपीआर के अनुसार क्षमता वाले STP का निर्माण और उसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही उन्होंने STP के प्रभावी संचालन के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश भी दिए।