लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर पुलिस भर्ती परीक्षा के दिन जमकर भीड़ रही। देर रात से अभ्यर्थी पहुंचना शुरू हुए। इसके बाद शनिवार देर रात तक अभ्यर्थियों का लौटना जारी रहा। भीड़ की संभावना के मद्देनजर स्टेशन प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपीएफ की टीम पहले से ही मुस्तैद रही। परीक्षार्थियों को घर भेजने के लिए प्रयागराज और वाराणसी के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का भी इंतजाम था। बावजूद इसके घर जल्दी पहुंचने के लिए कुछ परीक्षर्थियों ने रूटीन ट्रेनों के स्लीपर और थर्ड एसी बोगी में घुसने का प्रयास किया, लेकिन आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने उन्हें बाहर निकाला और जनरल बोगियों में भेजा। वरुणा एक्सप्रेस के समय काफी हौच-पौच मची रही। शाम पांच बजे के बाद चारबाग स्टेशन पर परीक्षार्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ ही देर में प्लेटफार्म नंबर एक और स्टेशन का सर्कुलेटिंग एरिया पैक होने लगा। यह देख कर स्टेशन प्रशासन ने प्लेटफार्म नंबर तीन और चार पर परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन कुछ ही देर में पहुंचने की सूचना को लेकर एनांउमेंट करवाना शुरू कर दिया। आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने भी छात्रों को उक्त स्टेशनों पर भेजना शुरू कर दिया। इस दौरान पूर्वांचल और पश्चिमांचल की तरफ जाने के लिए रूटीन ट्रेनें स्टेशन पर पहुंची तो छात्र उसमें चढ़ने लगे। कुछ स्लीपर तो कुछ थर्ड एसी में भी घुस गए। इस भीड़ से अंदर बैठे यात्री भी परेशान होने लगे। यह देख कर स्टेशन प्रशासन ने छात्रों को इन बोगियों से उतार कर जनरल बोगियों में भेजा। इस दौरान स्टेशन पर कुछ देर के लिए हौच-पौच रही। अधिकारी लगातार निगरानी बनाए रहे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए स्टेशन डायरेक्टर प्रशांत कुमार, आरपीएफ थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह मय टीम निगरानी बनाए रहे। प्रयागराज और वाराणसी जाने के लिए परीक्षा विशेष ट्रेनें जब प्लेटफार्म नंबर तीन और चार पर लगीं तो रेलवे अधिकारियों के नेतृत्व में आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने छात्रों की लाइनें लगा कर उन्हें बोगियों में बैठाया। प्रयागराज के लिए शाम 06.30 और वाराणसी के लिए शाम 07.40 बजे ट्रेनें रवाना की गईं। दोनों ही ट्रेनों में जनरल की पांच-पांच और स्लीपर की 10-10 बोगियां लगाई गई थीं। इनके अलावा वरुणा, त्रिवेणी, संगम सहित अन्य ट्रेनों से भी परीक्षार्थी गए। खिड़की से भी घुसे, कैरिज वैगन में चढ़े परीक्षा स्पेशल ट्रेन में पहले सीट पाने के लिए कुछ परीक्षार्थी खिड़की के रास्ते अंदर घुसे। हालांकि उन्हें ऐसा करने से सुरक्षा बलों की टीमों ने रोका भी। जिनको बोगियों में सीट नहीं मिले, उनमें से कुछ ने ट्रेन के कैरिज वैगन में सफर किया। सीट को लेकर झड़प भी हुई प्रयागराज के लिए जाने वाली परीक्षा स्पेशल में इंजन से तीसरी बोगी में सीट पर बैठने को लेकर छात्रों के दो गुटों में झड़प भी हुई। दरअसल में एक गुट का एक छात्र बोगी में पहले घुस गया और अपने चार साथियों के लिए सीट छिका लिया। इसी बीच दूसरे गुट के छात्र भी वहां पहुंचे और बैठने लगे। इसका विरोध करने पर उनमें बहस होने लगी। इस दौरान पहले वाले गुट के और छात्र भी वहां आ गए। सीट को लेकर उनमें तीखी बहस होने लगी। बोगी में मौजूद अन्य छात्रों ने मामला शांत कराया।