लखनऊ विकास प्राधिकरण का अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार कर्रवाई हो रही है। प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने मोहनलालगंज , गोसाईंगंज क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान एस.ए.एस हुंडई शोरूम, स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, स्टील एम्पोरियम समेत 11 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किये गये। जोन-2 के जोनल अधिकारी विराग करवरिया ने बताया कि सुशील कालरा, नितिन अग्रवाल और अन्य द्वारा मोहनलालगंज में लगभग 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर अवैध रूप से निर्माण कार्य कराते हुए एसएएस हुंडई कार शोरूम खोला गया था। इसी तरह त्रिलोचन सिंह द्वारा मोहनलालगंज के पुरसैनी में 250-250 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 2 भूखण्डों पर कल्याण स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट और कल्याण स्टील नाम से प्रतिष्ठान का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, रमाकांत द्विवेदी व अन्य द्वारा पुरसैनी में 180 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर श्रीगणपति स्टील एम्पोरियम का निर्माण कराया जा रहा था। जोनल अधिकारी ने बताया कि मोहनलालगंज व गोसाईंगंज क्षेत्र में 120 वर्गमीटर से लेकर 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्डों पर निर्माण किये जा रहे गोदाम, मैरिज लॉन व व्यावसायिक कॉम्पलेक्स समेत ऐसे 11 अवैध निर्माणों को सील किया गया। अवैध निर्माण और प्लाटिंग को लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण मुस्तैद है और पूरे शहर में यह अभियान तेजी से चल रहा है इसलिए अवैध निर्माण किसी भी प्रकार न करें।