लखीमपुर में चचेरे भाई की चाकू से गोदकर हत्या:शराब पीने के दौरान दोनों में हुआ विवाद, आरोपी गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित हाथीपुर उत्तरी हरिजन बस्ती में गुरुवार रात एक चचेरे भाई ने दूसरे चचेरे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह घटना शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान पहाड़ियापुर निवासी 21 वर्षीय रंजीत पुत्र प्रताप के रूप में हुई है। आरोपी 21 वर्षीय अभय भास्कर पुत्र सरोज भास्कर है। दोनों चचेरे भाई गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे अपने गांव से एक ही बाइक पर सवार होकर लखीमपुर शहर आए थे। शहर पहुंचने के बाद दोनों ने हाथीपुर उत्तरी हरिजन बस्ती में एक मकान पर साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अभय भास्कर ने रंजीत पर चाकू से कई वार किए, जिससे रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी अभय भास्कर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।