लखीमपुर में साधु के भेष में दो ठग पकड़े गए:लोगों ने पिटाई कर पुलिस को सौंपा, सोने की अंगूठियां ठगी थीं

लखीमपुर खीरी शहर के हीरालाल धर्मशाला चौराहे के पास शुक्रवार शाम बाबा के भेष में घूम रहे दो ठगों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। इन ठगों ने कानपुर निवासी एक व्यक्ति से धोखे से सोने की दो अंगूठियां ठगी थीं। पीड़ित आकाश गुप्ता ने बताया कि वह राजगढ़ क्षेत्र में एमआर का काम करते हैं। दोनों आरोपियों ने खुद को साधु बताकर उन्हें बातों में उलझाया और किसी बहाने से उनकी सोने की अंगूठियां उतरवा लीं। आकाश गुप्ता को ठगी का शक होने पर उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों ठगों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामले की जानकारी संकटा देवी चौकी पुलिस को दे दी गई है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह के संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहें। किसी भी ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।