संभल के लाड़म सराय मोहल्ले में सोमवार दोपहर गैस सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। इस हादसे में दुल्हन का भाई और एक पड़ोसी युवक झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे की है। लाड़म सराय निवासी फूल सिंह पुत्र रेवती सैनी के घर सोमवार शाम छह बजे उनकी बेटी कविता का लग्न टीका शहजादी सराय गांव जाना था। शादी की तैयारियों के चलते घर में पकवान बनाए जा रहे थे और इसके लिए चार से पांच गैस सिलेंडर रखे हुए थे। इसी दौरान अचानक एक गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हुआ और आग भड़क उठी, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर दुल्हन का भाई उमेश गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि पड़ोसी युवक अरविंद पुत्र कलुआ के चेहरे और बाल मामूली रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग की वजह से गली में जा रहे बिजली के तार भी जल गए। सूचना मिलने पर वार्ड सभासद के पति प्रमोद सैनी मौके पर पहुंचे और नगर पालिका परिषद के लाइनमैन को बुलाकर क्षतिग्रस्त बिजली तारों को ठीक कराया गया। उन्होंने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। साथ ही लड़के पक्ष को दी जाने वाली नई मोटरसाइकिल को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फूल सिंह की बेटी कविता की शादी रामपाल सैनी पुत्र खचेडू निवासी शहजादी सराय से तय है। सोमवार को लग्न टीका गया, जबकि मंगलवार को बारात आनी है। गनीमत रही कि आग समय रहते बुझा ली गई, अन्यथा तंग गली में बने मकान में बड़ा हादसा हो सकता था।