ललितपुर में नेशनल हाईवे-44 पर सोमवार शाम एक अज्ञात ट्रक ने तेंदुआ को टक्कर मार दी। जिससे तेंदुआ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना अमझरा घाटी के पास हुई। जब तेंदुआ सड़क पार कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 7:45 बजे ललितपुर से सागर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने तेंदुए को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल तेंदुए ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। फरार ट्रक की तलाश शुरू सूचना पर नाराहट और अमझरा पुलिस के साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। डीएफओ गौतम सिंह ने एसडीओ वन सत्येन्द्र सिंह तोमर और गौना रेंजर को तत्काल घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए। वन विभाग और पुलिस ने क्षेत्र का मुआयना किया और फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी इसी इलाके में ट्रक की टक्कर से तेंदुए की मौत हो चुकी है, जिसके बाद वन्यजीव सुरक्षा को लेकर प्रश्न उठ रहे हैं। वन विभाग के एसडीओ सत्येन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि गौना रेंज की अमझरा घाटी के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से तेंदुआ की मौत की खबर मिली है। जिसकी जांच-पड़ताल की जा रही है।