ललितपुर में डॉक्टर के घर लाखों की चोरी:पकड़ने की कोशिश पर चोरों ने हमला किया, पुलिस जांच में जुटी

ललितपुर के सिविल लाइन मोहल्ले में एक चिकित्सक के घर दिनदहाड़े चोरी हो गई। चोरों ने डॉक्टर को पकड़ने की कोशिश करने पर उन पर हमला किया और भाग निकले। वे घर से 1 लाख 22 हजार रुपये नकद और चांदी के सिक्के चुरा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला सिविल लाइन वार्ड नंबर 17 में आदिनाथ जैन मंदिर के पास हुई। निजी चिकित्सक प्रवींद्र कुमार उर्फ पीसी सरकार दोपहर करीब 1:30 बजे अपने कंपाउंडर मनीष के साथ क्लीनिक से खाना खाने घर पहुंचे थे। उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला था और ताला जमीन पर पड़ा था। अंदर जाने पर उन्होंने तीन चोरों को चोरी करते हुए देखा, जो भागने लगे। चोरों ने डॉक्टर और कंपाउंडर पर लोहे के सरिए और तमंचे से हमला करने की कोशिश की। डरकर डॉक्टर और कंपाउंडर पीछे हट गए, जिसके बाद चोर सड़क पर दौड़ते हुए फरार हो गए। मोहल्ले के लोगों ने तीनों चोरों को मास्क पहने हुए भागते देखा। डॉक्टर ने घर के अंदर जाकर देखा तो तीन अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। सामान बिखरा पड़ा था और डबल बेड व अन्य बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे। चोर अलमारी में रखे 1 लाख 22 हजार रुपए नकद और चांदी के सिक्के चुरा ले गए थे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सदर और क्षेत्राधिकारी सदर ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। शाम को अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। इधर चिकित्सक प्रवीन्द्र कुमार उर्फ पीसी सरकार ने बताया कि वह अपने कम्पाउंडर के साथ खाना खाने के लिए गए हुए थे। तब घर के दरवाजे खुले मिले थे। अंदर पहुंचे तो तीन युवक चोरी कर रहे थे। जब उन्होंने उन्हें रोका तो चोरों ने उन पर हमले का प्रयास किया, किसी प्रकार उन्होंने अपने आप को बचाया। चिकित्सक ने बताया कि चोर उनके घर से 1 लाख 22 हजार रूपए व 22 चांदी के सिक्के, बेटी की गुल्लक चोरी कर ले गए।