ललितपुर में बेटी ने पिता को दी मुखाग्नि:बेटा नहीं था, सिर्फ दो बेटियां; बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है

ललितपुर जिले के गांधीनगर नई बस्ती मोहल्ले में एक बेटी ने अपने पिता का अंतिम संस्कार कर बेटे का फर्ज निभाया है। 50 वर्षीय कालू अहिरवार की बुधवार रात मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उनकी 17 वर्षीय बेटी डोली अहिरवार ने गुरुवार को उन्हें मुखाग्नि दी। कालू अहिरवार के कोई पुत्र नहीं था। उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें से बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। घर पर केवल छोटी बेटी डोली अहिरवार ही रहती थी। बुधवार-गुरुवार की रात कालू अहिरवार का निधन हो गया। इसके बाद जब अंतिम संस्कार को लेकर चर्चा हुई कि कौन यह जिम्मेदारी निभाएगा, तब बेटी डोली ने स्वयं पिता का अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। डोली के इस निर्णय को परिजनों ने स्वीकार किया। इसके बाद डोली अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए गांधीनगर स्थित मुक्तिधाम पहुंची और वहां उन्हें मुखाग्नि दी। सामाजिक कुरीतियों को दरकिनार कर बेटी द्वारा पिता को मुखाग्नि देने की यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग डोली के इस कार्य की सराहना कर रहे हैं।