ललितपुर के गिरार थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ग्राम सेमरखेड़ा में भाई को बचाने के प्रयास में एक युवक का कान मुंह से काट दिया गया। घायल युवक कटे हुए कान के टुकड़े को लेकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन डॉक्टर उसे जोड़ नहीं पाए। यह घटना शनिवार शाम की है। ग्राम सेमरखेड़ा निवासी परशुराम (26) पुत्र जोधन सिंह लोधी के अनुसार, उसका छोटा भाई रोहित पड़ोसी के खेत पर गया था। वहां दो लोग चने का होरा खा रहे थे, जिस पर रोहित की उनसे कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक शराब के नशे में परशुराम के घर आए और रोहित से मारपीट करने लगे। जब परशुराम ने अपने भाई को बचाने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने उस पर हमला कर दिया और उसके कान पर मुंह से काट लिया। कान का कुछ हिस्सा शरीर से अलग हो गया, जिससे परशुराम खून से लथपथ हो गया। घटना के बाद पीड़ित परशुराम आरोपियों की शिकायत लेकर गिरार थाने पहुंचा। पुलिस ने उसे उपचार के लिए मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। परशुराम अपने कटे हुए कान के टुकड़े को लेकर अस्पताल पहुंचा और डॉक्टरों से उसे जोड़ने का आग्रह किया, लेकिन वह जुड़ नहीं सका। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि कान का कुछ हिस्सा पूरी तरह से अलग हो चुका है और अब वह जुड़ने की स्थिति में नहीं है। गिरार के प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि मामले में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। परशुराम अपने दो भाइयों में बड़ा है और खेती-किसानी का काम करता है।