ललितपुर में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार 19 वर्षीय छात्र की कुचलकर मौत हो गई। इस हादसे में छात्र के पिता बाल-बाल बच गए। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली सदर अंतर्गत बिरधा पुलिस चौकी के ग्राम मगरपुर निवासी शिवांश सिंह ठाकुर (19) अपने पिता भूपेन्द्र सिंह के साथ बाइक से बिरधा गांव की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ रहे थे। तभी ललितपुर से सागर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवांश कंटेनर के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी कुचलकर मौत हो गई। वहीं, उनके पिता भूपेन्द्र सिंह उछलकर दूर जा गिरे, जिससे वे सुरक्षित बच गए। कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। शिवांश 11वीं कक्षा का छात्र था और अपने दो भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। पुत्र की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कंटेनर को बिरधा पुलिस चौकी ले जाया गया है। बिरधा चौकी इंचार्ज ने बताया कि छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।