ललितपुर में बुधवार शाम हाईवे पर एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब किसान ललितपुर से अपने घर लौट रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम सैदपुर निवासी कोमल सिंह राजपूत पुत्र लाल सिंह के रूप में हुई है। वह बुधवार को किसी काम से ललितपुर आया था। और शाम को सैदपुर स्थित अपने घर लौट रहा था। यह दुर्घटना चंदेरा स्थित हाईवे पर हुई। झांसी की ओर से आ रहे एक डंपर ने कोमल सिंह की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल कोमल सिंह को मेडिकल कॉलेज ले गए। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि कोमल सिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।