लूट मामले में लापरवाही पर सहादतगंज चौकी इंचार्ज सस्पेंड:चौरे बाजार चौकी इंजार्ज लाइन हाजिर, अयोध्या SSP डॉ गौरव ग्रोवर ने कार्रवाई की

अयोध्या में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाते हुए एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने रविवार को दो चौकी इंचार्ज के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। लूट के मामले में कथित लापरवाही बरतने पर थाना कैंट की सहादतगंज चौकी के इंचार्ज अविनाश त्रिपाठी को निलंबित कर दिया गया है। कोतवाली बीकापुर क्षेत्र की चौरे बाजार चौकी के प्रभारी राजेश पटेल को लाइन हाजिर किया गया है। बीते दिनों हुई लूट की शिकायत पर पर्ची काटे जाने के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर एसएसपी ने संज्ञान लेते हुए सहादतगंज चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए। इसी क्रम में कर्तव्यों में शिथिलता पाए जाने पर चौरे बाजार चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस विभाग का कहना है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक होने पर आगे भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जनशिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना सभी थानों-चौकियों की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।