लोकगीत गायिका राधिका अहिरवार ने सुसाइड किया:ललितपुर में बेटे से फोन पर कहा-मरने जा रही, घर में फंदे से लटकता शव मिला

ललितपुर जिले के कस्बा जाखलौन में सोमवार को एक लोकगीत गायिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान थाना जाखलौन क्षेत्र के मोहल्ला खुशीपुरा निवासी राधा अहिरवार (पत्नी मलखान) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आत्महत्या से पहले राधा ने अपने बेटे को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। राधा अहिरवार एक लोकगीत गायिका थीं और उनके एक पुत्र व एक पुत्री हैं। परिजनों ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से पति मलखान से अलग ललितपुर के जुगपुरा मोहल्ले में रह रही थीं। करीब ढाई महीने पहले दोनों के बीच समझौता हुआ था, जिसके बाद मलखान ने जाखलौन में उनके लिए किराए का मकान लिया था। दो महीने पहले राधा पति के साथ इंदौर काम करने गई थीं, लेकिन चार दिन बाद ही वापस जाखलौन लौट आई थीं। रुपए छीने जाने और बेइज्जती से आहत थीं रविवार को राधा अपनी 12 वर्षीय बेटी जया को मोहल्ला अखाड़ा में भैया-भाभी के यहां छोड़कर ललितपुर एक पार्टी में गाना गाने गई थीं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे जाखलौन लौटने पर उन्होंने परिजनों को बताया कि पार्टी में उन्हें पांच हजार रुपए मिले थे, लेकिन कुछ लोगों ने वे रुपए छीन लिए और उनकी बेइज्जती की। इस घटना से वह काफी दुखी थीं और आत्महत्या की बात कह रही थीं। इसके बाद राधा स्कूटी से खुशीपुरा स्थित घर चली गईं। इसी दौरान उन्होंने अपने 15 वर्षीय बेटे शिवा को फोन कर बताया कि वह आत्महत्या कर रही हैं और उसे खुश रहने को कहा। घबराया हुआ शिवा तुरंत घर पहुंचा, जहां उसने मां को साड़ी के फंदे से लटका पाया। उसने तत्काल शव को नीचे उतारा। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।