वकील ने पुलिस पर चलाए पत्थर, सिपाही का सिर फूटा:उन्नाव कोर्ट में भी वकीलों ने हंगामा किया; जज ने नहीं दी रिमांड

उन्नाव में एक वकील ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिसवालों पर जमकर पत्थर चलाए। इसमें एक सिपाही का सिर फट गया। वहीं, वकील और 2 अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। पुलिस मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची थी, तभी बवाल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने वकील समेत परिवार के 7 लोगों पर केस दर्ज किया। इसके बाद वकील समेत 2 लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट ले गई। लेकिन, वहां भी वकीलों ने हंगामा कर दिया। गिरफ्तारी का विरोध किया और नारेबाजी करने लगे। वहीं, कोर्ट ने भी आरोपी वकील की पुलिस रिमांड देने से मना कर दिया। इसके बाद घायल वकील को उसके साथी अस्पताल ले गए। फिलहाल हालात कंट्रोल में है। गांव और कोर्ट में पुलिस फोर्स तैनात है। मामला दही थाना क्षेत्र का है। डायल 112 टीम को लोगों ने घेर लिया
तुर्कमान नगर गांव में सोमवार रात दो परिवारों के बीच मारपीट हो गई। इसकी सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन गुस्साए लोगों ने पुलिसवालों को ही घेर लिया। डायल 112 के पुलिसवालों ने इसकी सूचना दही थाने को दी। इस पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तभी वकील पीयूष लोधी ने अपने साथियों के साथ पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। फोर्स पहुंची तो भाग गए आरोपी, दो गिरफ्तार
इस पत्थरबाजी में सिपाही शोभित घायल हो गया। इसके बाद और फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को काबू किया। वहीं, पुलिस को देखकर पथराव करने वाले भाग गए। इसके बाद पुलिस वकील पीयूष लोधी और उनके भाई शिवम लोधी को गिरफ्तार कर थाने ले आई। हेड कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र कुमार की शिकायत पर पुलिस ने पीयूष लोधी के अलावा संयोग लोधी, सत्यम लोधी, शिवम लोधी, अमन लोधी, गुड़िया लोधी और राम जानकी के खिलाफ केस दर्ज किया है। वकीलों ने आरोपी के समर्थन में हंगामा किया
मंगलवार शाम पुलिस पीयूष लोधी और उसके भाई शिवम को लेकर सीजेएम कोर्ट पहुंची। तभी वकीलों ने पीयूष लोधी का समर्थन कर हंगामा शुरू कर दिया और नारेबाजी करने लगे। वकील इस मामले को लेकर जिला जज के यहां पहुंच गए। पुलिस पर वकील पीयूष लोधी को फंसाने का आरोप लगाया। रिमांड आवेदन को निरस्त करने की मांग की
वकीलों ने कहा कि पुलिस ने बिना जांच के पीयूष लोधी को निशाना बनाया। उन्होंने कोर्ट में विरोध करते हुए रिमांड आवेदन निरस्त करने की मांग की। स्थिति को देखते हुए परिसर में पुलिस फोर्स की तैनाती करनी पड़ी। कोर्ट परिसर में हंगामे जैसी स्थिति पैदा न हो, इसके लिए थाना दही समेत आसपास के क्षेत्रों से पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद हालात काबू में आ पाए। कोर्ट में मौजूद तमाम वकील घायल पीयूष लोधी की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसका इलाज किया। आरोपी वकील बोला- पुलिस ने घर में घुसकर परिवार को पीटा आरोपी वकील पीयूष लोधी का कहना है- पड़ोसी उमेश रंजिश को लेकर गाली गलौज मारपीट कर रहे थे। इसकी सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने मुझे और मेरी मां-बहन को घर में घुसकर पीटा। जब थाने में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता पहुंचे तो उनको भी पीटा गया। इससे पहले मैंने पुलिस के खिलाफ कोर्ट में 156/3 के तहत मुकदमे भी किए हैं। इसी खुन्नस में मुझे पीटा गया। दूसरा पक्ष बोला- वकील ने शराब के नशे में की मारपीट वहीं उमेश कुमार ने पुलिस को बताया- वह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी पीयूष लोधी और संयोग लोधी शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर उमेश ने 112 नंबर पर कॉल की। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाकर मामला शांत कराया। थोड़ी देर बाद संयोग, पीयूष, शिवम, सत्यम, अमन, रामचरन, गुड़िया और रामजानकी फिर से गाली-गलौज करने लगे। उमेश को जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद उमेश ने सीधे थाना प्रभारी दही को उनके मोबाइल नंबर पर फोन कर स्थिति के बारे में बताया। सूचना पर थाने से 2 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसवाले मामले को शांत कराने की कोशिश करने लगे। लेकिन, तभी आरोपियों के परिवार के सदस्य छतों पर आ गए और ईंट-पत्थर चलाने लगे। ————————- ये खबर भी पढ़ें… कानपुर में स्लीपर बस पलटी, बच्चे का सिर कटा, पिता चीखकर रोया, पत्नी का पैर भी अलग…VIDEO कानपुर में बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से आ रही तेज रफ्तार स्लीपर बस पलट गई। हादसे में 5 साल के बच्चे समेत 3 यात्रियों की मौत हो गई। 6 बच्चों समेत 25 से ज्यादा घायल हैं। हादसा इतना भयानक था कि बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया। उसकी मां का पैर कट गया। उनका आईसीयू में इलाज चल रहा। पिता को चोटें आईं। पढ़ें पूरी खबर….