वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ-पांचोशिवाला पंचक्रोशी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बाद एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। चलती सवारी गाड़ी से कूदने के चलते एक महिला की मौत हो गई। महिला के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सवारी वाहन का चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। महिला की शिनाख्त अभी नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर बाद हरहुआ चौराहे की ओर से एक मैजिक सवारी वाहन यात्रियों को बैठाकर पांचोशिवाला की तरफ जा रहा था। वाहन लेकर चालक पंचक्रोशी मार्ग पर पांचोशिवाला के पास पहुंचा था, तभी उसमें सवार एक महिला ने अचानक चलती गाड़ी से नीचे छलांग लगा दी। सड़क पर गिरते ही महिला का सिर फट गया। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते और मदद के लिए आगे बढ़ते, उससे पहले ही महिला की मौत हो गई। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बड़ागांव थाने को सूचना दी। थानाध्यक्ष बड़ागांव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। हालांकि महिला कहाँ की रहने वाली है और कहाँ जा रही थी, तथा वह गाड़ी से छलांग क्यों लगाई इसके बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि महिला वाहन से उतरना चाह रही होगी। संभव है कि उसने चालक से गाड़ी रोकने को कहा हो, लेकिन गाड़ी न रुकने पर उसने जल्दबाजी में चलती गाड़ी से कूद गई होगी। हालांकि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका सही कारण अभी साफ नहीं हो सका है। इस बारे में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई है। अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पहचान के लिए महिला की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की गई है। वहीं, फरार वाहन चालक की तलाश भी की जा रही है।