वाराणसी में प्रेमिका का गला दबाकर फंदे पर झूला:2 दिन गेस्ट हाउस में साथ रहा, बचा तो छोड़कर लखनऊ भागा; वहां पुलिस को बताया

लंका थाना क्षेत्र के मलहिया स्थित रामावतार बिल्ला गेस्ट हाउस में युवक-युवती में विवाद हो गया। दोनों के बीच पहले गाली-गलौज और फिर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने 26 वर्षीय प्रेमिका का गला दबा दिया। गला दबाने से युवती बेहोश हो गई। युवक ने समझा वह मर गई है। कमरे में ही उसी हालत में छोड़ दिया। खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन सफल न होने पर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया। फिर वह लखनऊ पहुंचा। वहां उसने युवती के फांसी के फंदे पर लटकने की सूचना लखनऊ के गोमती नगर थाने में दी। जानकारी मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई और उसे मौके पर पहुंचकर बरामद किया। फिलहाल उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में एडमिट कराया गया है। वहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पहले 2 तस्वीरें देखिए… विस्तार से पढ़िए पूरा मामला यह मामला लंका थाने के रामावतार बिल्ला गेस्ट हाउस का है। सोनभद्र के दुद्धी क्षेत्र का युवक अपनी प्रेमिका के साथ गेस्ट हाउस में रह रहा था। दोनों दो दिन पहले ही गेस्ट हाउस में आए थे। शनिवार रात दोनों के बीच विवाद हो गया। प्रेमी ने युवती को मारापीटा। इसी दौरान प्रेमिका का गला दबाया और उसे मरा समझ कर खुद भी फंदे पर झूल गया। बच गया तो प्रेमिका काे उसी हालत में छोड़कर रात में ही लखनऊ भाग गया। युवक लखनऊ पहुंचकर वहां भी आत्महत्या करने की कोशिश करता रहा। आखिर में उसने घटना की जानकारी सोनभद्र स्थित अपने घरवालों को दी और खुद गोमतीनगर थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। पुलिस को युवती के बारे में जानकारी दी। गोमती नगर पुलिस ने वाराणसी पुलिस को बताया। यहां पुलिस एक्टिव हुई। मौके पर पुलिस पहुंची तो गेस्ट हाउस का दरवाजा बंद था। युवती की आवाज नहीं आ रही थी। इस पर दरवाजा तोड़ा गया तो युवती अंदर बेहोश मिली। पुलिस ने इस दौरान गेस्ट हाउस संचालक को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने तत्काल उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, वहां उसका इलाज चल रहा है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं। गेस्ट हाउस में ठहरने की जानकारी और रिकॉर्ड की जांच के लिए संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीपी बोले- दोस्त से चैटिंग को लेकर बढ़ा विवाद एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि 8 नवंबर को मनीष कुशवाहा पुत्र अनिल कुशवाहा निवासी राजखड़ दुद्धी अपनी महिला मित्र को लेकर होटल में आया था। जांच में सामने आया है कि युवती वाराणसी के एक कॉलेज में पढ़ाई करती है। युवक को शक था कि युवती की किसी अन्य लड़के से दोस्ती हो गई है और दोनों में बातचीत होती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बीती रात करीब एक बजे झगड़ा हुआ। जो आगे बढ़ते-बढ़ते हमले में बदल गया। झगड़ा होने पर मनीष कुशवाहा ने युवती का गला दबाकर मारने की कोशिश की। फोर्स ने पहुंचकर वीडियोग्राफी करते हुए दरवाजा खोला तो अंजलि जीवित थी। उसका इलाज जारी है। इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।