गोंडा जिले के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया का सोशल मीडिया अकाउंट पर निजी सचिव बताने वाले रमन यादव और तीन अन्य पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। किशुनदास गांव निवासी अमलेश उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि गैस सिलेंडर लेकर घर लौटते समय उनके साथ मारपीट की गई है। पुलिस ने रमन यादव, उनके भाई अजय यादव, विनय यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रमन यादव कथित तौर पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर खुद को विदेश राज्यमंत्री का निजी सचिव बताते हैं और इसी के माध्यम से लोगों पर धौंस जमाने का काम करते हैं। मनकापुर कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जांच बाल मुकुंद चौहान को सौंपी गई है। मारपीट के दौरान पीड़ित अमलेश उपाध्याय की दाहिनी आंख में चोटें आई हैं। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर में अपना उपचार कराया है।
पीड़ित अमलेश उपाध्याय ने बताया कि यह घटना 16 फरवरी को दोपहर लगभग 3 बजे हुई। वह मदन सिंह की गैस एजेंसी से गैस सिलेंडर लेकर मनकापुर रेलवे क्रॉसिंग होते हुए अपने घर जा रहे थे। क्रॉसिंग पर ही आरोपियों ने उनकी बाइक में अपनी मोटरसाइकिल भिड़ा दी और गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जब अमलेश ने इसका विरोध किया, तो रमन यादव, अजय यादव और विनय यादव, जो सगे भाई हैं, ने एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की।
अमलेश उपाध्याय ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। रमन यादव ने इस दौरान खुद को विदेश राज्यमंत्री व गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह का निजी सचिव बताया। पीड़ित के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपियों ने कहा कि “फिर तुमको मारेंगे तो मेरा कुछ नहीं कर पाओगे।” वहीं इस पूरे मामले को लेकर के मनकापुर कोतवाल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि तत्काल पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले को लेकर के मनकापुर कोतवाली पुलिस द्वारा जांच की जा रही है पीड़ित व्यक्ति का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है आगे की जांच में मनकापुर कोतवाली पुलिस जुटी हुई है।