महादेव मेरे बेटे विधायक बृजभूषण राजपूत को सद्बुद्धी दे। कोई अपने आपको पार्टी से बड़ा न समझें। अहंकार मनुष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है। अहंकार चाहे जप-तप, यश-कीर्ति का हो। अहंकार सब बुरे होते हैं। ये बातें महोबा के चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के पिता पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत ने अपने सोशल मीडिया पर लिखीं। हालांकि, कुछ ही देर में पोस्ट को डिलीट करने के बाद वे बेटे के बचाव में उतर आए। कहा- विधायक कोई घास छीलने के लिए थोड़े बनता है। जनता की समस्या नहीं बताएगा तो क्या करेगा? उन्होंने मंत्री और विधायक बेटे के बीच किसी प्रकार की बहस या नाराजगी से इनकार किया। दरअसल, पूर्व सांसद के विधायक बेटे बृजभूषण की बीते 30 जनवरी को महोबा में मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह से बहस हुई थी। विधायक ने 100 से अधिक प्रधानों के साथ मंत्री का काफिला रोक लिया था। 30 कार और 20 बाइकें मंत्री के काफिले के सामने खड़ी कर दी थी। आरोप लगाया था कि हर घर नल-जल योजना के काम में अधिकारी लापरवाही कर रहे। सड़कें खोद कर रख दी गई हैं और काम नहीं हो रहा। सत्ताधारी दल के विधायक द्वारा अपनी ही सरकार के मंत्री का काफिला रोके जाने और भिड़ने का वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने भी सरकार पर जोरदार हमला बोला था। पहले जानिए पूरा मामला 30 जनवरी को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह महोबा में पहुंचे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने 100 से अधिक प्रधानों और लोगों के साथ मंत्री का काफिला रोक दिया विधायक ने मंत्री से अपनी विधानसभा के 100 गांवों में पानी न पहुंचने और पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने पर नाराजगी जताई थी। कहा था- जिले के 90 प्रतिशत गांवों के लोग मुझसे पूछते हैं। मैं क्या जवाब दूं? इस दौरान विधायक के समर्थकों की सीओ सदर और कोतवाल से भी झड़प हो गई थी। लोगों से घिरे स्वतंत्र देव सिंह ने विधायक से कहा था- मैं 40 गांव चलने को तैयार हूं। पानी दिलाना हमारा काम है। अफसर मेरे साथ हैं। अगर कहीं सड़कें खुदी हैं और पानी नहीं मिल रहा है तो अफसरों को सस्पेंड कर दूंगा। मंत्री के जाने के बाद विधायक ने मीटिंग कर कहा- जरूरत पड़ी तो सीएम को भी रोकेंगे मंत्री से भिड़ने के बाद विधायक बृजभूषण राजपूत ने 3 फरवरी को एक बैठक बुलाई। मीटिंग में राजपूत ने कहा- अगर जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री को भी रोकेंगे। बंधक बनाना मेरे लिए कोई बड़ी बात नहीं है। झांसी जाकर तत्कालीन केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को उनके ही घर में बंधक बना लिया था, तब मैं विधायक भी नहीं था। जब कांग्रेस की सरकार थी, उस समय जो अधिकारी काम नहीं करता था, उसे चूड़ियां और पेटीकोट पहनवा देते थे। ये मेरा व्यक्तिगत नहीं, बल्कि जनता और विकास से जुड़ा मुद्दा है। मैं अपनी बात सड़क पर रख रहा हूं, तो इसमें किसी को आपत्ति क्यों हो रही है। आप सब का आशीर्वाद था, तो मंत्री जी को रोका है। यह जनता की और विकास की बात है। मैं यह बात कमरे में क्यों करूं, सड़क पर क्यों नहीं कर सकता? अगर मैंने सड़क पर अपनी बात रखी तो कुछ लोगों को दिक्कत क्यों हो रही है। किसी ठेके, पट्टे या पदोन्नति की मांग नहीं कर रहे। बल्कि केवल क्षेत्र की समस्याएं उठा रहे हैं। ऐसे में मुझे गलत ठहराना उचित नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष बोले-संगठन में अनुशासनहीनता सर्वोपरि मंत्री से भिड़ने के मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा- भाजपा एक संगठन-आधारित पार्टी है। जहां जनहित के मुद्दों पर मतभिन्नता संभव है, लेकिन अनुशासन सर्वोपरि है। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ मिलकर मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। दोनों नेताओं से बातचीत की जा रही है। उच्च स्तर पर इस मुद्दे को सुलझाने के प्रयास जारी हैं। अब पढ़िए विधायक के पिता पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत ने क्या कहा? मंत्री के भिड़ने के मामले पर विधायक के पिता पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बेटे के कदम को गलत करार दिया। उन्होंने अपने बेटे को सद्बुद्धि देने की बात कही है।पोस्ट में यह भी जोड़ा कि “कोई अपने आप को पार्टी से बड़ा न समझे।” पूर्व सांसद ने एक के बाद एक दो पोस्ट लिखकर इस पूरे मामले को शांत करने का प्रयास किया है। लेकिन थोड़ी ही देर बाद पूर्व सांसद ने पोस्ट डिलीट भी कर दी। हालांकि, पोस्ट डिलीट करने के बाद उन्होंने 3 दूसरे पोस्ट लिखे। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि बेटे की लड़ाई सिस्टम से है न कि मंत्री से। पूर्व सांसद ने तीन पोस्ट… अब पढ़िए मीडिया से रूबरू होकर पूर्व सांसद ने क्या कहा? विधायक-मंत्री का कोई झगड़ा नहीं; अधिकारी गलत रिपोर्ट दे रहे पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत ने मीडिया से बातचीत में कहा- “विधायक बृजभूषण राजपूत जनप्रतिनिधि हैं। उन्होंने जनता की जो तकलीफें हैं, उन्हें मंत्री जी के सामने रखा। अब मीडिया इसे थोड़ा बढ़ा-चढ़ा कर पेश कर रहा है। यह कोई बगावत नहीं है। उन्होंने पूरे अनुशासन के तहत अपनी बात मंत्री जी के समक्ष रखी। 50, 60, 100 जितने भी प्रधान थे, उनके साथ जो ज्ञापन था, वह मंत्री जी को दिया। उन्होंने बस इतना कहा कि मंत्री जी परीक्षण करवा लें, अधिकारी आपको गलत रिपोर्ट दे रहे हैं। इसमें कोई विधायक-मंत्री का झगड़ा नहीं है। मेरे बेटे को भाजपा में लाने का श्रेय स्वतंत्र देव को पूर्व सांसद ने कहा कि स्वतंत्र देव हमारे सम्मानित मंत्री हैं। गुड्डू (बृजभूषण राजपूत) के बड़े भाई हैं। वे मेरा बहुत सम्मान करते हैं। मुझे गार्जियन भी मानते हैं। हमेशा मेरे पैर छूते हैं। मैं उन्हें आशीर्वाद देता हूं। उनका भी पूरा सम्मान करता हूं। हमारा बेटा भी उनका सम्मान करता है। उसे भाजपा में लाने का श्रेय स्वतंत्र देव को ही है। पूर्व सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधि का कर्तव्य होता है कि वह सिस्टम को सुधारें। कहां पानी लीकेज है, सड़कें नहीं बनी हैं, टंकी लीकेज है- ये अगर विधायक नहीं बताएगा तो कौन बताएगा। इस मामले पर विपक्ष रोटियां सेंक रहा है। हर विधायक अपनी बातों को मंत्रियों और मुख्यमंत्री के सामने रखता है, इसमें कौन सा मुद्दा बन गया। विधायक कोई घास छीलने के लिए थोड़े ही बनता है पूर्व सांसद ने कहा कि विधायक अगर अपनी बात नहीं रखेगा तो कौन रखेगा? विधायक इसलिए बनता है। विधायक कोई घास छीलने के लिए थोड़े ही बनता है। विधायक ने काफिला नहीं रोका, मंत्री जी कार्यक्रम से निकले और उन्होंने ज्ञापन दे दिया। विधायक, मंत्री जी के छोटे भाई हैं, वे डांट भी सकते हैं, कुछ भी कह सकते हैं। हमारे और स्वतंत्र देव सिंह के बीच पारिवारिक रिश्ते हैं। हमारा छोटा बेटा अखिल उनका बहुत प्रिय है। भाजपा में तरफदारी या गुटबाजी नहीं होती पूर्व सांसद ने कहा कि विधायक भी जनता का नौकर है और मंत्री भी जनता का नौकर है। हम सब जनता के लिए हैं। इसमें टकराव की कौन सी बात है? जनता हमें गाली दे सकती है, हम उनके नौकर हैं। हम कोई राजा नहीं हैं। भाजपा में कोई तरफदारी नहीं होती, कोई गुटबाजी नहीं होती। भाजपा परिवार है। गुड्डू अनुशासित सिपाही है, उसने संघ का प्रशिक्षण लिया है, उसने ओटीसी की है, वह संस्कारी लड़का है। विधायक और मंत्री जी के बीच कोई टकराव नहीं है। छोटे भाई-बड़े भाई का रिश्ता है। अब 30 जनवरी को हुए हंगामे के बारे में पढ़िए मंत्री और विधायक के बीच क्या बात हुई.… मंत्री: जहां कहीं शिकायत है, वहां मुझे लेकर चलो। उस गांव में मैं खुद चलता हूं। अपने कार्यक्रम छोड़कर चलता हूं। चलो… विधायक: एक मिनट-एक मिनट…40 से 50 गांव हैं। मंत्री: मैं 40 गांवों में चलूंगा। मैं सभी जगह चेक करने चलूंगा। मेरे साथ अफसर हैं। सभी जगह देखूंगा। अफसरों की लापरवाही होगी, तो सस्पेंड कर दूंगा। विधायक: भाई साहब, सड़कें खुदी पड़ी हैं। रास्ते खुदे पड़े हैं। भाई साहब…। मंत्री: सड़कें खुदी रहेंगी, तब भी मैं अफसरों को सस्पेंड कर दूंगा। मैं गांवों में चलने को तैयार हूं, चलो न मेरे साथ…। मंत्री से विधायक बोले- अफसर हमारी सुनते नहीं मंत्री ने विधायक को अपनी गाड़ी में बैठाया। विधायक हाथ पर हाथ पटकते हुए मंत्री से यही कहते रहे कि जितने भी प्रधान आए हैं, उन सभी के गांवों में समस्या है। हर घर नल योजना में जमकर लापरवाही हुई है। आप लोग कुछ भी नहीं देखते। ग्राउंड की समस्या बहुत बड़ी है। विधायक ने योजना में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया। विधायक ने मंत्री से साफ कहा कि अफसर हमारी सुनते नहीं हैं। ——————————————————- ये खबर भी पढ़ेंः- गैंगस्टर रवि काना मामले में जेल अधीक्षक-डिप्टी जेलर सस्पेंड:बांदा में बिना कोर्ट के आदेश ही स्क्रैप माफिया को छोड़ दिया था; पांच पर FIR गैंगस्टर रवि काना को बांदा जेल से छोड़ने के मामले में एक्शन जारी है। कोर्ट के आदेश के बिना ही स्क्रैप माफिया को छोड़ने के मामले में अब जेल अधीक्षक अनिल गौतम को निलंबित कर दिया गया है। उन्हें कारागार मुख्यालय लखनऊ अटैच कर दिया गया है। इसके अलावा, डिप्टी जेलर को निर्भय सिंह को भी सस्पेंड कर दिया गया है। आदेश विशेष सचिव कारागार अनीता वर्मा ने जारी किए हैं। पढ़ें पूरी खबर…